toshi

apne vajood ki talash me.........
Related Posts with Thumbnails

बुधवार, 24 फ़रवरी 2021

ज़रा संभल कर

 


ज़रा संभल कर




मतलबी इस दुनिया में 


कदम बढ़ाना मग़र


ज़रा संभल कर,


लोगों पर विश्वास कर


साथ चलना मग़र


ज़रा संभल कर,





दिल देकर


दिल लगाना मग़र


ज़रा संभल कर,


प्यार की डगर पर


कदम बढ़ाना मग़र


ज़रा संभाल कर,

 



धोखेबाजों की इस भीड़ में


रहना तुम्हें है, मग़र


ज़रा संभल कर,


झूठ और सच की भीड़ में,


सच को पहचानना है, मग़र


ज़रा संभल कर, 





रिश्तों की अनसुलझी डोर में


रिश्ते निभाना मग़र


ज़रा संभल कर,


झुक कर निभाना


मान करना रिश्तों की मग़र


ज़रा संभल कर,





साध कर लक्ष्य अपना


मंज़िल की तरफ़ कदम बढ़ाना मग़र


ज़रा संभल कर,


ख़ुद को है संभालना और


ध्यान रखना भी दूसरों का मग़र


ज़रा संभल कर,





पाकर अपने अधिकारों को 


अपना कर्तव्य निभाना मग़र


ज़रा संभल कर,


जीवन डगर पर बढ़ना


कांटों में फूल खिलाना मग़र


ज़रा संभल कर,




✍🏻तोषी गुप्ता✍🏻

24 फ़रवरी 2021 

Read more...

मंगलवार, 23 फ़रवरी 2021

दरियादिल "फर्ज़"


 *दरियादिल*


*फर्ज़*


गीता आज बहुत खुश थी। आते ही उसने माँ के पैर छुए और आशीर्वाद लिया। आज वो कॉलेज में व्याख्याता से प्रिंसिपल हो गई थी।और साथ ही अपने सहकर्मी  व्याख्याता अजय से विवाह करने जा रही थी।पिता के जाने के बाद से ही घर की सारी जिम्मेदारी गीता के ऊपर ही आ गई थी। घर की जिम्मेदारियों और छोटे भाई बहनों की परवरिश के लिये उसने खुद शादी भी नहीं की। छोटी बहन अब अपने ससुराल में सुखी थी और छोटा भाई भी अब बैंक में अच्छी पोस्ट पर था जिसकी भी शादी और बच्चे हो चुके थे।सभी जिम्मेदारियों से मुक्त होने के बाद ही अब उसने अजय से शादी का फैसला लिया था।शादी को एक ही हफ्ता बचा था। लेकिन वक़्त को कुछ और ही मंज़ूर था। पता चला कि उसके छोटे भाई की दोनों किडनियाँ खराब हो चुकी हैं, और उसे किडनी की ज़रूरत है। गीता ने अपना टेस्ट कराया और गीता की किडनी उसके छोटे भाई से मैच हो गई।एक बार फिर अपने जिम्मेदारियों के चलते गीता ने अजय से अपनी किडनी छोटे भाई को दान करने की मंशा ज़ाहिर की। अजय अपनी भावी पत्नी की दरियादिली से वाक़िफ़ था। और हर बार की तरह इस बार भी उसने गीता का पूरा साथ दिया। गीता ने एक बार फिर अपने निजी सुखों का त्याग कर दरियादिली दिखा अपना फर्ज़ पूरा किया, लेकिन इस बार उसे खुशी थी कि उसका भावी पति भी उसकी इस दरियादिली में उसके साथ था।


✍🏻तोषी गुप्ता✍🏻

23 / 02/ 2021 

Read more...

आत्मसम्मान

 



*प्रतिज्ञा*


*आत्मसम्मान*


आज सुबह शालू थोड़ा जल्दी उठ गई। गैस पर चाय  चढ़ा बिस्तर तह करके करीने से रखने लगी, इधर चाय बन गई । शालू चाय की प्याली लेकर खिड़की के पास आ गई, आज उसका मन थोड़ा बेचैन था,क्योंकि आज उसकी बेटी सुमन का मेडिकल प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने वाला था। ऐसे में खिड़की से आती हल्की बारिश और मंद हवा तन मन प्रफुल्लित कर रही थी। 


चाय की चुस्कियों और सुहाने का मौसम का मज़ा लेते शालू अपनी यादों में बीस वर्ष पूर्व चली गई। वैसे तो सुहास शालू के प्रति अपना हर फ़र्ज़ निभाता लेकिन कही न कहीं उसे लगता कि सुहास उससे प्यार नहीं करता।तीन वर्ष की बेटी सुमन भी अपने पापा के प्यार को, उनके साथ को तरस जाती। शालू से कम से कम बातें करना, सुबह जल्दी ऑफिस चले जाना और रात को घर देर आना सुहास की आदत बनती जा रही थी। शालू ने बहुत कोशिश की कि सुहास का प्यार पा सके,उसके मन में अपने और सुमन के लिए जगह बना सके लेकिन सुहास अब और भी उखड़ा उखड़ा रहता।


उस दिन सुहास सुबह जल्दी ऑफ़िस चला गया सुमन को तेज बुख़ार था शालू ने सुहास को फ़ोन लगाया लेकिन उसने कहा वो खुद ही सुमन को डॉक्टर के पास लेकर चली जाए। शालू अकेले ही सुमन को डॉक्टर के पास लेकर गई। डॉक्टर ने दवाइयां लिख दी। पैसे देने के लिए पर्स खोला तो देखा जल्दी जल्दी में वो तो पैसे और मोबाइल रखना ही भूल गई, परिचित डॉक्टर ने अपनी फीस बाद में देने बोल दिया। लेकिन दवाइयों के लिए तो पैसे चाहिए थे। 


पास ही सुहास का ऑफिस था, शालू सुहास के ऑफिस चली गई , और जैसे ही शालू ने सुहास के केबिन में प्रवेश किया तो देखा सुहास और सुहास की कलीग प्रिया एक दूसरे की बाहों में हैं। शालु को इस तरह सामने देख सुहास बुरी तरह सकपका गया और शालू बिना एक पल भी देर किए सुमन को लेकर तेज़ कदमों से बाहर चली गई, उसकी आँखों से अनवरत आँसू बह रहे थे, उसे सुहास की बेरुखी का कारण साफ नज़र आ रहा था। शालू ने अपने कदम और भी तेज कर दिए, इस *प्रतिज्ञा* के साथ कि अब वो सुहास के पास कभी नहीं लौटेगी , अपने आत्मसम्मान की रक्षा उसे खुद ही करनी होगी और अब उसने स्वयं ही सुमन को उसकी जिंदगी में सफल बनाने का *प्रण* लिया और अनजानी राहों में अपनी बेटी का हाथ थामे चल पड़ी । 


माँ .... माँ .... सुमन की आवाज़ सुन सहसा शालू वर्तमान में लौट आई, सुमन  माँ के गले में बाहें डाल खुशी से बोली, माँ मेरा मेडिकल में सलेक्शन हो गया। शालू की आँखों से खुशी के आँसू बह रहे थे। उसने बेटी की नज़र उतारी उसे मीठा खिला ही रही थी कि सुमन ने उसके हाथों से मीठा लेकर उसे खिला दिया और बोली माँ आपकी तपस्या सफल हुई। और दोनों एक दूसरे के गले लग गए। दोनों की आंखों से खुशी के आँसू बह रहे थे।


✍️तोषी गुप्ता✍️

02 फ़रवरी 2021


Read more...

बंधन


 *बंधन*




बंधे परों से उड़ने की चाह , 


और, 


मौन में बन्द उसकी अंतरात्मा की आवाज़,





वो उड़ना तो चाह रही है, 


लेकिन, बचपन में बांध दी गई है,


लड़की होने की दहलीज़ में,




यौवन में उड़ना चाही, तो,


लोक, लाज, ने जकड़ लिया 

उसके परों को और मज़बूती से,



फिर लांघ कर बाबुल की दहलीज़, 

पहुँची पिया के घर,



जकड़ लिया बहु होने के संस्कारों ने,


फिर माँ बन ममता ने,


और फिर बीतते समय के साथ फ़र्ज़ ने,




उड़ने की चाह में, ज़िन्दगी के 

अब उस मोड़ पर खड़ी थी, 


जहाँ, लग रहा था उसे ,

जैसे उड़ना भूल ही गई हो वो,

ऊँचे आसमान को निहारते,



झूठी आस में बंधी नन्ही चिड़िया,


अब भी इसी आस में 

अपनी सारी ज़िन्दगी बीता देना चाहती है कि,


कभी तो ये बंधन खुलेंगे,


और वो उड़ सकेगी,


अपनी ऊँची उड़ान,


और छू सकेगी आसमान!!




✍️तोषी गुप्ता✍️
05  फ़रवरी 2021

Read more...

*कोख़ में अकेली,,,,, आख़िर गलती किसकी,,,,?*


 *कोख़ में अकेली,,,,, आख़िर गलती किसकी,,,,*



आज फिर खुशी की घड़ियाँ आई,


माँ बनने की ख़बर जो आई,


समय पंख लगा उड़ने लगा,


कुछ दिनों बाद खुशी दोहरी भी हो गई,


पता जब चला कोख में एक नहीं दो कलियाँ हैं जी रही,


खुशियाँ ही खुशियाँ थी दामन में भर रही,





पल भर में खुशियाँ मायूसी में बदल गई, 


जब कोख में जी रही साँसों की पहचान की गई,


एक कली लड़का और एक कली लड़की थी कोख़ में पल रही, 


एक ही कली को लाने बाहरी दुनिया में,


सब ने आपस में मिलकर हामी भरी,





कोख में कलियाँ तो दोनों थी मासूम, अधखिली,


थामे दोनों एक दूजे का साथ,


सपने संजोते बाहरी दुनिया के साथ-साथ,


बाहरी दुनिया की मायूसी से बेख़बर,


दोनों थे साथ- साथ, हर पल, हर क्षण,


साथ- साथ अठखेलियाँ करते,


एक दूजे को मनाते, रूठते,


एक दूजे संग खेलते और खिलाते,


हर पल एक दूजे की सांसों को महसूस करते,


एक दूजे की मुस्कुराहट और दर्द भी साथ महसूस करते,


दोनों एक दूजे का हाथ थामे खुशियों में मशगूल थे,





अचानक थोड़ी घुटन महसूस होने लगी,


आँखों के आगे अंधेरा छाने लगा,


कोई धारदार हथियार उन्हें अपनी ओर आता नज़र आया,


लेकिन यह क्या, वो औज़ार तो केवल एक कली की तरफ बढ़ रहा है,


जहाँ वो कली भागती, वो औज़ार उसकी तरफ ही आता, 

 

घबराहट में साथी से अब हाथ छूट चुका था, 


वो धारदार हथियार अब उसे तकलीफ़ पहुंचा रहा था,


वो कली खूब चीखी चिल्लाई और अंत में मौन हो गई, 


अकेली रह गई दूसरी कली,


स्तब्ध,,,,,, निःशब्द,,,,, मौन,,,,





वो हथियार अब जा चुका था,


दूसरी कली अब अकेली और शांत थी,


पहचान दोबारा की गई, 


पर ये क्या,,,,,, मायूसी अब शोक में बदल गई,


धारदार हथियार ने एक कली ज़रूर कुचल दिया,


लेकिन वो कली लड़की नहीं लड़का थी,


नियति को कौन कब बदल सका है,


कोख़ में अब भी एक कली सुरक्षित सांसें ले रहा था,


वो कली लड़की थी, जो अब भी कोख़ में, स्तब्ध,,,, निःशब्द और मौन,,,,थी




सोच रही थी, आखिर क्यों उसका साथी उससे जुदा हो गया,


आख़िर गलती किसकी थी,


जो जुदा हो गया उसकी,


या फिर वो जो अब भी साँस ले रही है कोख़ में,,,,,,




✍️तोषी गुप्ता✍️

13 फ़रवरी 2021

Read more...

पिता


 परिवार के आधार स्तंभ होते हैं पिता,

सर पर रख हाथ, आशीर्वाद बन जाते हैं पिता,



तप कर धूप की गर्मी में, 

परिवार के लिए निवाला लाते हैं पिता,

कठिन परिस्थितियों में भी, 

अपना फर्ज निभाते हैं पिता,



सही गलत की पहचान कराते,

 कभी डांटते हैं पिता,

बनते हैं फिर मार्गदर्शक ,

निःस्वार्थ प्रेम करते हैं पिता,



पथरीली पत्थरों पर चलकर, 

बच्चों के लिए राह बनाते हैं पिता,

नर्म हथेली की थपकी उन्हें देकर, 

उनके सपनों के लिए जागते हैं पिता,



 सख़्त हृदय का बनकर, 

पत्थर सा मजबूत बनते हैं पिता,

सच तो ये है परिवार की बागडोर होते हैं पिता,



परिवार के आधार स्तंभ होते हैं पिता,

सर पर रख हाथ, आशीर्वाद बन जाते हैं पिता,


✍🏻तोषी गुप्ता✍🏻

20 फ़रवरी 2021

Read more...

सोमवार, 22 फ़रवरी 2021

वो पल बहुत याद आते हैं




वो पल बहुत याद आते हैं




थाम कर यूँ, वो हाथ तुम्हारा,


अनजाने रास्तों पर चलते जाना,


ठोकर लगी रास्ते पर जो,


तुम्हारा आगे बढ़ मुझे संभालना,


सच कहूं,,,,वो पल बहुत याद आते हैं,,,,





रूठकर तुमसे, यूँ ख़फ़ा बैठ जाना,


बोलते लबों का फिर चुप हो जाना,


तुम्हारा मुझे देखकर फिर मुस्कुराना,


हाथों में लेकर हाथ फिर मस्तक चूम लेना,


सच कहूँ,,, वो पल बहुत याद आते हैं,,,





समन्दर किनारे साथ तुम्हारे बैठना,


दूर क्षितिज से आती लहरों को निहारना,


चाँद की दूधिया रोशनी में गीत गुनगुनाना,


लेकर हाथों में मेरा हाथ, तुम्हारा हौले से दबाना,


सच कहूं,,,वो पल बहुत याद आते  हैं,,,,




कांधे पर तुम्हारे रख कर अपना सर,


अपने दुख की पाती तुम्हें सुनाना,


तुम्हारा बड़े ग़ौर से मुझे सुनना,


फिर समेट अपनी बाहों में मुझे ढाढस बंधाना,


सच कहूँ,,, वो पल बहुत याद आते हैं,,,,




✍️तोषी गुप्ता✍️ 

22/02/2021

Read more...

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP